चंडीगढ़ शताब्दी। फाइल फोटो
दिल्ली से लखनऊ जंक्शन आ रही शताब्दी एक्सप्रेस में 21 बेटिकट यात्री मिलने के मामले की जांच शुरू कर दी है है। साथ ही रेलवे बोर्ड ने यह हिदायत दी है कि वीआईपी ट्रेनों में अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर नजर रखी जाए।
मामला बीते 29 अक्तूबर का है। दीपावली पर लखनऊ आने वालों की भीड़ अधिक होने से ट्रेनों में लंबी वेटिंग थी। रेलवे अफसरों के अनुसार दिल्ली से लखनऊ आ रही शताब्दी एक्सप्रेस (12004) की 21 सीटों पर एक्सेस फेयर टिकट (ईएफटी) काटे बिना यात्रियों को सफर करवाया गया। आरोप है कि 21 यात्रियों से दो से तीन हजार रुपये तक प्रति सीट वसूले गए।
यह भी बताया जा रहा है कि ट्रेन के चेयरकार कोच सी-11, सी-12 और सी-13 की जांच की गई थी। जांच टीम को सी-11 कोच में 21 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले थे। ट्रेन के इटावा में रुकने पर बेटिकट यात्री उतरकर भागने लगे थे। मामले में शनिवार से जांच शुरू हुई है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बेटिकट यात्री मिले थे। जांच शुरू की गई है।