रायबरेली रूट की कई ट्रेनें रहीं प्रभावित।
- फोटो : अमर उजाला।
अंडरपास के निर्माण कार्य को लेकर सुबह 9 बजे से काम शुरू हुआ था। वहीं शाम पांच बजे काम खत्म होना था, लेकिन नीमटीकर अंडरपास के करीब सीपेज की समस्या रही। पानी के रिसाव के कारण ट्रैक के नीचे बॉक्स रखने में मुश्किलें आईं, जिससे काम प्रभावित हुआ और इसी के चलते देरी वंदे भारत, प्रयागराज इंटरसिटी, प्रतापगढ़ इंटरसिटी और पद्मावत के पहिए रुक गए। वंदेभारत सवा तीन घंटे रायबरेली से आगे नहीं बढ़ सकी तो प्रयागराज इंटरसिटी तीन घंटे, पद्मावत दो घंटे तक रुकी रही। रात 9:17 बजे रेल यातायात बहाल किया गया। जब ट्रैक बिछाने का काम पूरा हुआ तो सबसे पहले वंदे भारत को रवाना किया गया। इसके बाद 9:40 बजे पद्मावत रवाना हुई। बछरावां रेलवे स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि यातायात 9:17 पर बहाल कराया गया है पहली ट्रेन वंदे भारत जो काफी देर से खड़ी हुई थी उसे निकाला गया।
बदले रूट से चली वंदेभारत सहित कई ट्रेनें, हुईं लेट
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में उतरेटिया से रायबरेली के बीच मेंटीनेंस कार्यों के चलते रविवार को ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। इससे 12876 नीलांचल एक्सप्रेस रास्ते में एक घंटे रोककर चलाया गया। गाड़ी संख्या 15210 देहरादून वाराणसी जनता एक्सप्रेस एक्सप्रेस, 22549 वंदे भारत एक्सप्रेस एवं 04256 लखनऊ प्रयागराज पैसेंजर परिवर्तित मार्ग लखनऊ, उतरेटिया, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशन के रास्ते चलाया गया। इससे ट्रेनें एक से तीन घंटे तक देरी की शिकार हो गईं। रायबरेली रूट पर ब्लॉक फेल हो गया। इसके चलते प्रयागराज लखनऊ वंदे भारत, नीलांचल एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस पद्मावत एक्सप्रेस गंगा गोमती एक्सप्रेस प्रतापगढ़ इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें तीन से चार घंटे तक लेट हो गई। ब्लॉक को शाम 5:25 बजे खत्म होना था, जो 4 घंटे डिले हो गया। वंदेभारत एक्सप्रेस को रायबरेली स्टेशन पर रोके जाने पर यात्रियों ने सोशल मीडिया पर आपत्ति भी दर्ज कराई।