लखनऊ। पीजीआई में इलाज के लिए एकात्मता एक्स्प्रेस से माता-पिता के साथ लखनऊ आ रहा 18 वर्षीय चंदौली निवासी आयुष चौहान बुधवार को बाबतपुर स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिर गया। हालांकि रेलवे के सतर्कता से उसे बचा लिया गया। आयुष के गिरने पर परिजनों ने चेन पुलिंग कर स्टेशन मास्टर चंद्रेश कुमार सिंह को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने तत्काल नियंत्रण कार्यालय और रेल कर्मचारियों को सूचित किया। दिल्ली से राजगीर जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस के लोको पायलट को सतर्क किया गया। किलोमीटर संख्या 788/01 के पास लोको पायलट ने आयुष को ट्रैक किनारे सुरक्षित बैठे देखा। लोको पायलट ने उसे अपने संरक्षण में लिया और रेलवे सुरक्षा बल को सौंप दिया। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि युवक को बाबतपुर स्टेशन पहुंचाकर परिजनों को सौंप दिया गया।