लखनऊ। हजरतगंज इलाके में किराये के मकान में रहने वाले रेलवेकर्मी रामसागर (35) ने फंदा लगाकर जान दे दी। इसके अलावा गोमतीनगर निवासी हरिशन (43) ने बीमारी से परेशान होकर जान दे दी।
मूल रूप से बलरामपुर निवासी रामसागर शक्ति भवन के सामने डीआरएम ऑफिस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वह हजरतगंज स्थित साकेत पल्ली रोड में किराये के मकान में 2022 से पत्नी राजरानी और दो बेटों के साथ रहते थे। राजरानी ने बताया कि बुधवार रात उनके पति शराब के नशे में घर लौटे। इस बात से नाराज होकर वह दोनों बच्चों को लेकर दूसरे कमरे में चली गईं। वह जब देर रात उठीं और पति के कमरे में गईं तो उन्हें फंदे से लटका देखा। मोहल्ले वालों की मदद से वह पति को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही तहरीर दी है।
इसके अलावा, गोमतीनगर के विनीतखंड निवासी हरिशन के भाई सत्य प्रकाश ने बताया कि उनके भाई शराब की लत के कारण बीमार रहने लगे थे। मंगलवार रात हरिशन ने फंदा लगा लिया। परिजन उन्हें लोहिया अस्पताल ले गए जहां मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि बीमारी से परेशान होकर हरिशन ने आत्महत्या की है। इंस्पेक्टर गोमतीनगर का कहना है कि परिजनों ने कोई सूचना नहीं दी है।