पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का मामला
सेतु निगम के साथ मिलकर रेलवे बनाएगा अंडरपास
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। निरालानगर व भिठौली रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाए जाएंगे। इस पर तकरीबन 120 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन सेतु निगम के साथ मिलकर इन अंडरपासों का निर्माण करेगा। इससे प्रतिदिन करीब 50 हजार लोगों को राहत हो जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की निरालानगर व सीतापुर रोड पर पड़ने वाली भिठौली रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरपास बनाने की मांग विधायक डॉ. नीरज बोरा की ओर से उठाई गई थी। इस बाबत मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल को कुछ समय पूर्व विधायक की ओर से पत्र भी भेजा गया था। इसी क्रम में दोनों रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरपास बनाने के लिए मंजूरी मिल गई है। अब रेलवे प्रशासन सेतु निगम के साथ मिलकर अंडरपासों के लिए सर्वे करेगा। साथ ही फीजिबिलिटी रिपोर्ट भी तैयार करेगा। यह कार्य पूरा हो जाने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। हालांकि निर्माण कार्य सेतु निगम की टीम करेगी, जिसका भुगतान रेलवे प्रशासन करेगा।
इतना लंबा होगा अंडरपास
सूत्रों की मानें तो निरालानगर रेलवे क्रॉसिंग पर करीब 200 मीटर एवं भिठौली रेलवे क्रॉसिंग पर 150 मीटर लंबा अंडरपास बनेगा। इनके निर्माण पर क्रमशः 65 व 55 करोड़ रुपये का खर्च आने की उम्मीद है। हालांकि, रेलवे प्रशासन अंडरपासों के निर्माण में आने वाले खर्च व अन्य तकनीकी बिंदुओं की जानकारी साझा करने से अभी बच रहा है।
50 हजार को प्रतिदिन मिलेगी राहत
निरालानगर व भिठौली रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बन जाने से प्रतिदिन 50 हजार लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसमें सर्वाधिक संख्या में भिठौली रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वालों को आराम होगा। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर लोगों को रुकना पड़ता है।
आधिकारिक वर्जन
निरालानगर व भिठौली रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने को मंजूरी मिल गई है। रेलवे प्रशासन सेतु निगम के साथ मिलकर अंडरपास बनाएगा। निर्माण कार्य सेतु निगम करेगा, जिसका भुगतान रेलवे करेगी।
-गौरव अग्रवाल, डीआरएम, पूर्वोत्तर रेलवे