लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड में गिरफ्तार भवन स्वामी वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला के भाई सुरेंद्र का नाम भी एफआईआर में बढ़ाया गया है। उसकी तलाश में चार टीमें लगी हैं। एक टीम ने दिल्ली में दबिश दी, पर आरोपी का सुराग नहीं लग सका। इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार का कहना है कि आरोपी का मोबाइल फोन बंद है। उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर ने बताया कि एक टीम ने सीतापुर में भी छानबीन की। उधर, शुक्रवार को इमारत के आसपास रहने वालों ने भवन से दुर्गंध आने की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने नगर निगम और जलकल विभाग को इसकी सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में इमारत में सफाई की गई। दुर्गंध न आए, इसके लिए केमिकल का छिड़काव किया गया।