लखनऊ। बंथरा पुलिस ने बुधवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पटाखे से संबंधित लाइसेंस न दिखा पाने पर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया है।
वहीं, दुबग्गा के रायपुर दशहरी हनुमंत धाम कॉलोनी स्थित घर से बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने 2.25 क्विंटल पटाखे बरामद करते हुए कैंपबेल रोड निवासी सत्यम कश्यप को गिरफ्तार किया।
इंस्पेक्टर अभिनव कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी से जब पटाखों के लाइसेंस और उनका बिल मांगा तो वह कोई पेपर नहीं दिखा सका। पुलिस ने सारे पटाखे जब्त कर लिए। उसकेे खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस भी दर्ज किया गया है।
बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह के मुताबिक बुधवार रात बंथरा बाजार स्थित पंकज सिंह के घर में छापा मारा गया। यहां भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण मिला। पुलिस के मुताबिक बरामद माल का वजन करीब दो क्विंटल सात किलोग्राम पाया गया।
वहीं दूसरे मामले में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चनखरा मोड़ के पास दुकान में छापा मारा। यहां करीब 85 किलो अवैध पटाखे बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में युवक ने अपना नाम बंथरा बाजार निवासी अल्ताफ खान बताया। वह भी पटाखे से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि दीपावली पर बेचने के लिए उन्होंने पटाखे स्टोर किए थे।
बंथरा पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।