खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के बेहटा सातनपुर गांव में रविवार की शाम महिलाओं और बच्चों को ईसार्ई धर्म में परिवर्तन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर चार लोगों को हिरासत में ले लिया। धार्मिक पुस्तक भी जब्त कर ली। आरएसएस कार्यकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
खीरों थाना क्षेत्र के बेहटा सातनपुर निवासी पुष्पराज ने पुलिस से शिकायत की। इसमें कहा कि गांव निवासी राम प्रकाश कोरी उर्फ डेनियल के घर नाबालिग बच्चों, महिलाओं व पुरुषों को बाइबिल पुस्तक पढ़ाकर ईसाई धर्म में परिवर्तन कराया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह भदौरिया ने छापा मारा। वहां पर मौजूद लोग भाग गए। मौके से चार लोगों को पकड़ लिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि बेहटा सातनपुर गांव निवासी राम प्रकाश कोरी के अलावा शंकरबक्स खेड़ा मजरे सगुनी निवासी प्रदीप कुमार, रामप्रकाश कोरी, उन्नाव जनपद के मौरावां थाना क्षेत्र के जय सिंह खेड़ा मजरे लोटना निवासी देशराज कुरील के खिलाफ केस दर्ज करके पकड़ा गया है।