बख्शी का तालाब। महिंगवा इलाके में कई साल से चल रही नकली फर्टिलाइजर फैक्टरी पर बृहस्पतिवार को एसटीएफ और कृषि विभाग ने छापा मारा। टीम ने नकली फर्टिलाइजर बरामद कर तीन लोगों को पकड़ा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से एसटीएफ पूछताछ कर रही है।
इटौंजा-कुर्सी रोड किनारे कन्हईपुर गांव में राजू के घर पर कई सालों से नकली फर्टिलाइजर बनाने की फैक्टरी संचालित की जा रही थी। सूचना पर जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापा मारा तो काम चल रहा था। महिंगवा पुलिस के मुताबिक यह मकान कन्हईपुर निवासी राजू मकान मालिक है। वहां पर नीरज और संजय नाम के दो व्यक्ति काम कर रहे थे। यह मकान सीतापुर सिविल लाइन निवासी सागर शुक्ला ने किराये पर कई साल से ले रखा था। इससे पहले यह फैक्टरी गांव के अंदर किसी दूसरे मकान में संचालित की जा रही थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आईपीएल ब्रांड के नाम से नकली खाद लखनऊ और आसपास के जनपदों में बेचते थे। टीम ने छह नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
यह किया सील
पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ फील्ड अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के अनुसार, टीम ने विभिन्न नामों के नकली फर्टिलाइजर उत्पाद में पांच किग्रा के 55 पैकेट फसल बाण, 35 पैकेट फसल बलवान, 500 बाल्टी श्रीराम बाण, आधा किग्रा के 2400 पैकेट मेंथा स्पेशल के साथ एक सिलाई मशीन और दो वजन करने वाले तराजू , एक जेनरेटर सील किया।