लखनऊ। कैसरबाग बस स्टेशन के पास स्थित सैफ होटल में मंगलवार को एफएसडीए की टीम ने छापा मारा। होटल में तमाम खाद्य सामग्री सड़ी-गली और एक्सपायरी डेट की मिली, जिसे टीम ने तत्काल नष्ट कराया। टीम ने होटल बंद कराने के साथ ही मालिक को नोटिस जारी किया है। खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए।
सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आईजीआरएस पर शिकायत मिली थी कि सैफ होटल में खराब खाना परोसा जा रहा है। शिकायत का संज्ञान लेकर जब टीम होटल पहुंची तो पांच किग्रा लहसुन पेस्ट, 10 लीटर टमाटर प्यूरी, 10 लीटर दही रायता खराब मिला। वहीं, अखाद्य रंग के 50 पैकेट, 5 किग्रा रंगयुक्त बिरयानी, 2 लीटर कालातीत सिरका भी खराब मिला। इन सभी को नष्ट कराया गया। होटल में पानी की जांच, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच भी कभी नहीं हुई थी। खाद्य पदार्थों का भंडारण भी खराब पाया गया। जांच के लिए धनिया पाउडर, खाद्य तेल, नमक व अचार के नमूने भी लिए गए।