फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: राहुल ने 410 करोड़ की 182 परियोजनाओं की जांच के दिए निर्देश

Wed, 06 Nov 2024 01:51 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में दिशा की बैठक लेने पहुंचे राहुल गांधी और साथ में राज्यमंत्री दिनेश - फोटो : संवाद
विज्ञापन
रायबरेली। सदन में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली सांसद राहुल गांधी मंगलवार को केंद्रीय योजनाओं को लेकर गंभीर दिखे। उन्होंने बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में डीएम को जल जीवन मिशन की पूरी हो चुकीं करीब 410 करोड़ की 182 परियोजनाओं की गुणवत्ता के जांच के निर्देश दिए। कहा कि जांच कमेटी में विधायकों को भी शामिल किया जाए।
विज्ञापन


राहुल ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की गैस रिफिलिंग के संबंध में पूरी रिपोर्ट तलब की। साथ ही मनरेगा में श्रमिकों व कर्मियों के भुगतान से जुड़ी सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा। ऊंचाहार क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने के नाम पर 72 सड़कें खोदने के मामले में भी कमेटी बनाकर जांच के निर्देश दिए।

बैठक में पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि जल निगम ने पीडब्ल्यूडी की 29, विधायक निधि की 19, सांसद निधि की तीन व जिला पंचायत की 22 सड़कों को खोद दिया है। पाइप डालने के बाद मिट्टी डालकर पाट दिया, लेकिन सड़कें अब तक सही नहीं कराईं। इस पर सांसद राहुल गांधी ने डीएम को जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन


सरेनी विधायक ने बेहटाकला में पांच साल में भी पेयजल परियोजना का काम पूरा न होने पर नाराजगी जताई। इस पर राहुल गांधी ने पूर्ण हो चुकी 182 सड़कों की गुणवत्ता की जांच जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों की कमेटी से कराने को कहा।

अमेठी सांसद व उप सभापति केएल शर्मा ने मनरेगा में श्रम सामग्री के खराब अनुपात के साथ ही भुगतान में देरी का मामला उठाया। मनरेगा कर्मियों को भी समय से भुगतान न दिए जाने की शिकायत की। इस पर राहुल ने संबंधित अधिकारियों को भुगतान के संबंध में पूरी सूची उपलब्ध कराने के आदेश दिए। दिशा के नामित सदस्य गौरव अवस्थी ने मैनूपुर सड़क का मामला उठाया।

विधायक सदर अदिति सिंह ने भी इस सड़क को जिला पंचायत से बनवाने का भरोसा देने की बात कही, लेकिन काम नहीं कराया गया। सभापति ने जल्द ही सड़क को बनवाने के निर्देश दिए। ऊंचाहार, सदर व सरेनी विधायकों ने जिला पंचायत की 149 सड़कों के गड्ढायुक्त होने की शिकायत की।

राहुल ने संबंधित सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए गए। गोवंशों को गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए मंत्री दिनेश सिंह ने बड़े वाहनों की व्यवस्था जिला पंचायत से कराने का भरोसा दिया। नगर पालिका के स्कूल की टीचरों को दो दिन में वेतन देने के आदेश भी दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग में वेंटिलेटर व एम्स में फार्मेसी की होगी जांच
पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. मनोज पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग में बदहाल वेंटिलेटरों का मामला उठाया। सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा ने इस संबंध में सफाई दी, लेकिन राहुल गांधी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम को जांच कराने के निर्देश दिए। पूर्व मंत्री ने कहा कि एम्स के अंदर अमृत फार्मेसी संचालित है।

मरीजों को यहीं से दवा देने की व्यवस्था है, लेकिन यहां दवाएं नहीं मिल पाती हैं। इस संबंध में भी राहुल गांधी ने डीएम को जांच कराने के लिए कहा। पूर्व मंत्री ने जल जीवन मिशन से जिले के घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद प्रस्ताव सदन में रखा, जिसे सभी ने पास किया। इस दौरान राहुल गांधी ने सड़कों की दुर्दशा की बात भी कही, जिस पर विधायक ने कहा कि सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें