अपनों के बीच जब राहुल पहुंचे तो लोगों ने उनकी शादी की भी चर्चा शुरु कर दी। ग्रामीणों से जब वे मुखातिब थे तो एक युवक बोल बैठा, ‘अकेले कब तक अउबा, यह तरह न चले । बियाह कइ ल्या, दूनो जने आवा करा।’
यह सुन पब्लिक ने जोरदार ठहाका लगाया तो राहुल भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। अमेठी के लोग कई बार राहुल से शादी करने का आग्रह कर चुके हैं। इस आग्रह में युवकों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक शामिल रहे हैं।
एक बार तो मामला प्रियंका वाड्रा के सामने भी उठा था। भाई-बहन ने कभी इसका सीधा जवाब तो नहीं दिया लेकिन मुस्कुराए बिना रह भी नहीं सके।
कहीं हुआ स्वागत तो कहीं लगे मुर्दाबाद के नारे भी
अमेठी के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बुधवार करीब 12 बजे राहुल गांधी मुंशीगंज गेस्ट हाउस से निकले तो उनका जगह-जगह स्वागत हुआ। रामनगर में ब्लॉक अध्यक्ष राज कुमार पांडेय, रामराज मिश्र व अशोक दुबे तो बेनीपुर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख घनश्याम चौरसिया ने स्वागत किया।
यहां से निकले राहुल गांधी थौरा, भेटुआ, कनकापुर, मठिया, ग्वाल चौराहा, शहरी, बैधिकपुर, कल्याणपुर, दहियावां, भादर सहित कई गांवों में सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ देखकर अपने वाहन से नीचे उतरकर सभी से मिले। उनका परिचय व हालचाल पूछा।
हारीपुर में जब राहुल गांधी चौपाल को संबोधित करने जा रहे थे तभी वहां मौजूद हारीपुर निवासी रामजस राहुल हाय-हाय का नारा लगाने लगा। इस पर वहां मौजूद कई कांग्रेसी उसे भीड़ के बीच से दबोचकर बाहर ले गए और उसकी लात घूसों से जमकर पिटाई कर बाजार के बाहर तक खदेड़ दिया।
हारीपुर में जब राहुल गांधी चौपाल को संबोधित करने पहुंचे तो राहुल अपने वाहन में रखे छोटे स्पीकर सिस्टम को लिया। राहुल जब बोलना चाहे तो उससे आवाज ही नहीं आई। करीब पांच मिनट तक स्वयं राहुल व साथ चल रहे अन्य लोग उसे दुरुस्त करने की कोशिश किए जब वहां नहीं बन सका तो राहुल ने बिना स्पीकर के ही चौपाल को संबोधित किया।