लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष के छात्र से रैंगिंग का मामला सामने आया है। सिगरेट पीने से मना करने पर वरिष्ठ छात्रों ने पीड़ित को पहले पीटा फिर उसके साथ कुकर्म किया। पीड़ित ने घटना के दूसरे दिन ही विवि के एंटी रैगिंग सेल व पारा थाने से की। जांच के बाद विवि प्रशासन ने तहरीर दी। पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुनर्वास विवि में बीए प्रथम वर्ष के दिव्यांग छात्र परिसर स्थित छात्रावास में रहता है। छात्र का आरोप है कि चार फरवरी की रात को मेस में खाना खाने जा रहा था। इस दौरान बीएड प्रथम सेमेस्टर के छात्र आकाश यादव और एमएड तृतीय सेमेस्टर के छात्र सत्येंद्र यादव पहुंचे और बरामदे में उसे पकड़ लिया और फिर कमरा नंबर 233 में ले गए। यह कमरा प्रेम प्रकाश के नाम से आवंटित था।
पीड़ित के मुताबिक, दोनों ने उसे सिगरेट पीने को कहा। इनकार पर जलती सिगरेट जबरदस्ती मुंह में डाल दी। हिम्मत जुटाकर पीड़ित ने धक्का दिया तो दोनों गिर गए। इससे नाराज आरोपी छात्रों ने उसे बंधक बनाकर पीटा और कुकर्म किया। दोनों छात्रों ने मुंह खोलने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पांच फरवरी को विवि प्रशासन से शिकायत की। विवि प्रशासन ने पहले पीड़ित का इलाज कराया। इसके बाद जांच में घटना सही निकलने पर आठ फरवरी को पीड़ित की तहरीर पर प्रॉक्टर की मुहर लगाकर थाने भेजी। प्रभारी निरीक्षक पारा राजेश कुमार के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिकॉर्डिंग पर हॉस्टल में हुआ हंगामा
पुनर्वास विवि में बृहस्पतिवार दोपहर को छात्रावास में वीडियो बनाने को लेकर हंगामा हुआ। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास कर्मचारी उनका खाना खाते वक्त वीडियो बना रहे थे। उन्होंने नाराजगी जताई और कारण पूछा तो स्पष्ट जवाब नहीं मिला। वहीं, कुछ लोग इसे रैगिंग के आरोप वाले मामले से भी जोड़कर देख रहे हैं। रजिस्ट्रार ने कहा कि इस मामले को भी दिखवाया जा रहा है।
एंटी रैगिंग सेल कर रहा जांच
मामला एंटी रैगिंग सेल को ट्रांसफर किया गया है। छात्र का मेडिकल कराया गया है। उसे विवि में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होने पाएगी। अगर शिकायत सही है तो गलत करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- अमित कुमार सिंह, रजिस्ट्रार, पुनर्वास विवि