मेरठ में पुजारी की हत्या पर हिंदू संगठनों ने गहरा रोष व्यक्त किया है। साथ ही पुजारी के परिवार को आर्थिक मदद और हत्या करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी व कठोर सजा की मांग की है। इन संगठनों ने सरकार से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर कठोरता से रोक लगाने की मांग भी की है।
विश्व हिंदू परिषद के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बुधवार को बयान में कहा कि पुजारियों और संतों पर हो रहे हमलों के पीछे गहरी साजिश है। सिर्फ भगवा अंगौछे के कारण पुजारी की नृंशस हत्या कर हत्यारों ने अपनी मानसिकता को बता दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपराधियों की तरह ऐसे तत्वों पर भी कठोर कार्रवाई करके इनका हौसला तोड़ देना चाहिए। कहा कि ये सामान्य घटनाएं नहीं है बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत हिंदुओं को अपमानित और आतंकित करने की कोशिश चल रही है। शर्मा ने मांग की कि पुजारी के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद और आश्रितों में किसी एक सदस्य को नौकरी दी जाए।
पुजारी पर नहीं भगवा पर हमला
हिंदू जनजागृति समिति के उत्तरप्रदेश एवं बिहार समन्वयक विश्वनाथ कुलकर्णी ने कहा कि पालघर से बुलंदशहर और मेरठ तक पुजारी और साधु.संतों की हत्याएं जारी हैं। मेरठ जैसी घटना यदि मुस्लिम अथवा अन्य समाज से संबंधित व्यक्ति के साथ घटी होती तो अब तक धर्मनिरपेक्षतावादियों ने मॉब लिंचिंग कहते हुए पूरा देश सिर पर उठा लिया होता। पर, हिंदू पुजारी और संतों की हत्या पर इनकी जुबान जम जाती है। कहा कि यह पुजारी या साधु पर नहीं बल्कि भगवा पर हमला है। मुख्यमंत्री को ऐसे लोगों को कठोर दंड दिलाना चाहिए।