रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के मिश्रन खेड़ा मजरे डुमटहर गांव में शनिवार दोपहर 12:30 बजे कांग्रेस के बाराबंकी सांसद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल गांव पहुंचा। जहां बीती 3 फरवरी को लेखपाल की ओर से पहले पिता व पुत्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने तथा 8 फरवरी को बुलडोजर से मकान गिरा देने पर पीड़ित बुद्धीलाल पासी, उनके पुत्र श्याम बाबू व परिजनों से मुलाकात की गई।
कहा गया कि पीड़ित दलित परिवार के साथ भाजपा सरकार में जो अन्याय कराया गया है। इसकी जानकारी सांसद राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ डीएम व एसपी को देकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। चेतावनी दी गई कि पीड़ित परिवार के साथ न्याय नहीं करने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस के बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया ने बताया कि रायबरेली के सांसद राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के निर्देश पर मैं तथा पार्टी के पदाधिकारी सुशील पासी, आदर्श पटेल, बीरेन्द्र यादव, पंकज तिवारी, पंजाबी सिंह, निर्मल शुक्ला, शैलजा सिंह, शत्रोहन सोनकर, प्रियंका रावत, नीरज मिश्रा, राघवेंद्र सिंह आदि की टीम पीड़ित परिवार से मिलने व उनके साथ हुए अत्याचार की जानकारी लेने आये हैं। जहां पीड़ित परिवार ने बताया कि चार पीढ़ी से मेरा परिवार यहां रह रहा है। कच्चे मकान की जगह पक्का मकान बनाते समय अधिकारियों को रुपया नहीं देने पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चला कर गिरा दिया गया है।
भाजपा सरकार में दलितों, पिछडों व अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा वोट की राजनीति करती है, समाज की नहीं। भाजपा की नीति है कि गरीबों को बेघर तथा परेशान करो, नॉकरी न दो, जब यह दबे कुचले रहेंगे तो 5 किग्रा राशन का लालच देकर वोट ले लो। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पहले न्याय की मांग व बाद में आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस के पदाधिकारी सुशील पासी ने कहा कि पीड़ित हरिप्रसाद पासी चार पीढ़ियों से यहां रह रहा है। प्रदेश की योगी सरकार द्वारा जाति धर्म देखकर बुलडोजर चलाया जाता है। मेहनत मजदूरी से रुपया एकत्रित करके मकान बनवाने वाले इस गरीब दलित परिवार के मकान को गिराया गया है। उससे साबित हो गया कि भाजपा अपनी छवि बनाने के लिए देश की छवि बिगाड़ रही है।