टोल प्लाजा के निकट हाईवे पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ लगाए गए विवादित होर्डिंग्स का मामला गरमा गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी ने विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार राहुल सिंह पूर्व में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ भी कटाक्ष भरे होर्डिंग्स लगवाकर सस्ती लोकप्रियता के लिए हथकंडा अपना चुके हैं।
मामले में राहुल सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि शंकराचार्य ने कई राष्ट्रीय और धार्मिक मामलों में सनातन धर्म के खिलाफ रुख अपनाया है। इनमें धारा 370 का खुला विरोध, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अनुपस्थिति, काशी विश्वनाथ धाम परियोजना का विरोध और मणिकर्णिका घाट के विकास का विरोध शामिल है।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राहुल सिंह लगातार पिछले एक साल से राहुल गांधी के खिलाफ कई होर्डिंग लगवाईं हैं। आरोप लगाया कि राहुल सिंह लोकप्रियता पाने के लिए इस तरह की हरकत कर रहे हैं।