सवारियों से भरी बस में लगी आग।
- फोटो : amar ujala
रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे स्थित रायपुर महेरी गांव के पास बुधवार रात करीब सात बजे यात्रियों से भरी बस आग का गोला बन गई। बस पर सवार यात्रियों ने नीचे कूदकर जान बचाई। आग की लपटें देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। हालात ये रहे कि घटना के चलते रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर आधा घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई। दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस जल चुकी थी।
अंसार बस सर्विस की बस यात्रियों को लेकर रायबरेली से सलोन जा रही थी। बस पर करीब 28 लोग सवार थे। रायपुर महेरी गांव के पास अचानक बस धू-धू करके जलने लगी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। बस आग का गोला बन गई। बस में आग लगने से उस पर सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। एक-एक करके यात्री चलती बस से कूदकर जान बचाई। चालक भी बीच सड़क पर बस रोक दी और नीचे कूद पड़ा। खास बात ये रही कि बस में आग लगने की घटना से सड़क से होकर आने-जाने वाले लोग दहशत में आ गए। जो जहां था वहां पर खड़ा हो गया। इससे आवागमन प्रभावित हो गया।
आसपास के लोगों के अलावा दमकलकर्मी व पुलिसकर्मी पहुंचकर 7:30 बजे तक आग को बुझा दिया। साथ ही आवागमन शुरू कराया। भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि गनीमत रही कि बस से कूदकर यात्रियों ने जान बचा ली। हादसे की जांच कराई जा रही है कि किस लापरवाही के चलते आग लगी। बस का परमिट था कि नहीं, इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। बस मालिक के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। हालांकि शॉर्ट सर्किट के चलते बस में आग लगने की बात कही जा रही है।