रायबरेली। माध्यमिक विद्यालयीय खेलकूद स्पर्धा के अंतर्गत होने वाली 31 प्रकार की क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए कैलेंडर जारी कर दिया गया है। क्षेत्रीय, जिला, मंडल और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। पांच प्रकार के खेलों हॉकी, वॉलीबाल, तीरंदाजी, शूटिंग और क्रिकेट की मंडलीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी रायबरेली को मिली है जिनमें मंडल के सभी जिलों से खिलाड़ी भाग लेने आएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने खेलकूद स्पर्धा के लिए तय तिथियों के संबंध में सभी विद्यालयों को पत्र भेज दिया है ताकि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकें।
सब जूनियर (अंडर-15) व जूनियर नेहरू (अंडर-17) के बालक और बालिकाओं की मंडलीय हॉकी प्रतियोगिता 12-13 अगस्त को होगी। इनके जिला स्तरीय मुकाबले 7-8 अगस्त को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होंगे। अंडर 14, 17 एवं 19 के बालक और बालिकाओं की मंडलीय वॉलीबाल प्रतियोगिता 13-14 सितंबर को होगी जिसके जिला स्तरीय मुकाबले 10-11 सितंबर को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में कराए जाएंगे।
तीनों वर्गों के बालक एवं बालिकाओं की तीरंदाजी प्रतियोगिता जिला स्तर पर 16 सितंबर को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगी। मंडलीय मुकाबले भी 18-19 सितंबर को जिले में होंगे। तीनों वर्गों के बालक-बालिकाओं की जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता 20 सितंबर को वैदिक इंटर कॉलेज में होगी जबकि मंडलीय मुकाबले 24-25 सितंबर को यहीं होंगे। अंडर-14 के बालकों की मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता 27 सितंबर को इसी जिले में कराई जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 21 सितंबर को स्टेडियम में होगी।
अक्तूबर तक होंगी प्रतियोगिताएं
माध्यमिक विद्यालयों के क्षेत्रीय और जिला स्तरीय खेलकूद स्पर्धा का सिलसिला जुलाई के अंत से शुरू होकर अक्तूबर तक चलेगा।
जिले को आठ जोन में बांटा
खेलकूद स्पर्धा के मद्देनजर जिले को आठ जोन में बांटा गया है। ऊंचाहार जोन में रोहनिया व ऊंचाहार विकास क्षेत्र, शंकरपुर जोन में जगतपुर विकास क्षेत्र, सलोन जोन में डीह, छतोह व सलोन विकास क्षेत्र, महराजगंज जोन में शिवगढ़, बछरावां व महराजगंज विकास क्षेत्र, डलमऊ जोन में गौरा व डलमऊ विकास क्षेत्र, लालगंज जोन में खीरों व लालगंज विकास क्षेत्र, पूरे पांडेय जोन में सरेनी विकास क्षेत्र, सदर जोन में अमावां, हरचंदपुर, सतांव, राही विकास क्षेत्र व नगर क्षेत्र के विद्यालय शामिल किए गए हैं।
माध्यमिक क्रीड़ा सचिव अजय सिंह चंदेल ने बताया कि क्षेत्रीय (जोन) स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ी विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी संबंधित जोन से खेलेंगे। मंडल स्तर पर जिले का और राज्य स्तर पर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।