लखनऊ। प्रदेश के राजमार्गों के नजदीक बसे गांवों के गोवंश व अन्य पशुओं को दुर्घटना से बचाने के मकसद से यूपी सरकार की ओर से उनके गले में रेडियम पट्टी बांटने व पहनाने की बुधवार को औपचारिक शुरुआत की गई। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने गोसाईगंज स्थित ग्राम काजी खेड़ा में गौ-पूजन के साथ गाय के गले में रेडियम पट्टी पहनाकर इसका शुभारंभ किया। धर्मपाल सिंह ने काजी खेड़ा गांव में एक करोड़ की लागत से एक बड़े गो संरक्षण केंद्र की स्थापना कराये जाने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि सड़कों व राजमार्गों के नजदीक बसे गांवों में गोवंशों व अन्य पशुओं के रात के समय अचानक सड़क पर आ जाने की स्थिति में मार्ग दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। सरकार सड़क सुरक्षा के साथ जन रक्षा और गो-रक्षा के प्रति संवेदनशील है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि किसानों की आय कृषि के साथ गौपालन से दोगुनी होगी। प्रदेश में उन्नत किस्म की गायों को बाहर से लाने पर विशेष अनुदान की व्यवस्था की गई है। जानकारी दिया कि 20वीं पशु गणना के अनुसार प्रदेश में 1184494 निराश्रित गोवंश को संरक्षण करने हेतु वृहद गो संरक्षण केंद्रों, अस्थायी गो आश्रय स्थलों तथा कान्हा गो आश्रय स्थल की स्थापना किये जाने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, ब्लाक प्रमुख, ग्राम प्रधान, विशेष सचिव पशुधन समेत बड़ी संख्या पशुपालक मौजूद रहे।
पांच विभागों के सहयोग से होगा कार्य
पशुपालन विभाग के साथ ही पांच अन्य विभाग गोवंश व अन्य पशुओं के गले में रेडियम पट्टी लगाने के काम में सहभागिता करेंगे। इनमें ग्राम विकास विभाग, नगर विकास विभाग, राजस्व विभाग, पंचायतीराज विभाग व गृह विभाग शामिल हैं।