लखनऊ। केजीएमयू के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (क्वीनमेरी) की ब्लड स्टोरेज यूनिट दोबारा शुरू हो गई है। अब खून जमा करने के लिए मरीज के घरवालों को ट्रॉमा सेंटर और शताब्दी फेज-2 भवन के चक्कर नहीं काटने होंगे।
क्वीनमेरी ब्लड स्टोरेज यूनिट का लाइसेंस 22 जुलाई 2023 को समाप्त हो गया था। इसके बाद भी ब्लड स्टोरेज यूनिट चल रही थी। इसे देखते हुए अमर उजाला ने यह मुद्दा उठाया था।
22 फरवरी को इसका संचालन बंद कर दिया गया। नए लाइसेंस के लिए आवेदन भी कर दिया गया। सरकारी संस्थान होने की वजह से औषधि प्रशासन विभाग ने 25 फरवरी को नया लाइसेंस जारी कर दिया।
यह लाइसेंस 24 फरवरी, 2027 तक मान्य है। इसके बावजूद संचालन नहीं शुरू किया गया। अमर उजाला ने फिर से मुद्दा उठाया तो संचालन शुरू हो गया।
लापरवाही बरतने वाले की नहीं तय हुई जिम्मेदारी
क्वीनमेरी के ब्लड स्टोरेज यूनिट के लाइसेंस के मुद्दे की वजह से करीब 10 दिन तक संचालन बंद रहा। इससे तीमारदारों को ट्रॉमा सेंटर व शताब्दी भवन के चक्कर काटने पड़े। नवीनीकरण में लापरवाही बरतने वालों पर अभी भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
क्वीनमेरी की ब्लड स्टोरेज यूनिट का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। कुछ गलतफहमी की वजह से इसका नवीनीकरण नहीं हो पाया था।
प्रो. सुधीर सिंह, प्रवक्ता, केजीएमयू।