सरोजनीनगर। बंथरा के खांडे देव गांव निवासी श्रवण ने छोटे भाई आलोक की सिर कूंचकर हत्या कर दी। दोनों में रविवार रात में खाना खाने के दौरान विवाद हुआ था। आरोपी ने सोते समय लोहे की रॉड से आलोक के सिर पर कई वार किए थे। पुलिस ने श्रवण को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के मुताबिक खांडे देव निवासी पुत्तीलाल की आठ वर्ष पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पुत्तीलाल की पत्नी यशोदा तीन बेटों श्रवण (30), मानसिक मंदित वीरेंद्र (26) और आलोक (22) के साथ रहती थीं। यशोदा की दो बेटियों कंचन और किरन की शादी हो चुकी है। एसीपी ने बताया कि रविवार रात 9:30 बजे सभी लोग घर में खाना खा रहे थे। इसी बीच शराब के नशे में धुत श्रवण और आलोक के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। आलोक ने श्रवण को गाली दी और उसकी पिटाई भी कर दी। यशोदा ने दोनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद श्रवण छत पर चला गया, जबकि आलोक नीचे कमरे में सो गया। रात करीब 11 बजे श्रवण छत से नीचे उतरकर आया और सोते समय आलोक के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिया। आलोक की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह उठने पर हुई मां को जानकारी
यशोदा सुबह सोकर उठीं और आलोक को जगाने पहुंचीं। बिस्तर पर बेटे को लहूलुहान देखकर यशोदा की चीख निकल पड़ी। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियाें को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने यशोदा से पूरे मामले की जानकारी ली। यशोदा ने बीती रात में श्रवण और आलोक के बीच हुए विवाद के बारे में बताया। इसके बाद श्रवण को गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
नशे में थे दोनों भाई
छानबीन में सामने आया है कि दोनों भाई नशे में थे। दोनों मजदूरी करते थे। पूछताछ में श्रवण ने बताया कि आलोक ने मां की गाली दी थी और उसकी पिटाई भी कर दी थी। इसी बात से वह नाराज था और उसने हत्या कर दी। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद कर ली गई है।