‘टोक्यो ओेलंपिक में अभी काफी समय शेष है। फिलहाल मेरा ध्यान आगामी टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करना है, ताकि निरंतरता कायम रखते भविष्य की तैयारियों को मजबूत किया जा सके।
मेरा लक्ष्य लोगों की कसौटी पर खरा उतरना है। इसके लिए कड़ी मेहनत करूंगी।’ रियो ओलंपिक की बैडमिंटन एकल स्पर्धा का रजत जीतने वाली पीवी सिंधू बृहस्पतिवार को लखनऊ पहुंची।
यहां उन्होंने सहारा इंडिया परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता एवं चेयरमैन सुब्रत राय से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इंडियन बैडमिंटन में लीग में अवध वॉरियर्स टीम से जुड़ी होने के कारण यहां आकर हमेशा बहुत अच्छा लगता है।
साथ ही लखनऊ में कई शानदार उपलब्धियां भी हासिल की है और यहां के दर्शक भी मुझे बहुत पसंद आते है। इसलिए यहां से मेरा नाता जुड़ा रहेगा। उधर, सिंधू के साथ आए कोच एवं पूर्व ऑल इंग्लैंड चैंपियन पुलेला गोपीचंद ने कहा कि जूनियर शटलरों का बेस कैंप होने के कारण लखनऊ आज भारतीय बैडमिंटन जगत का जाना माना नाम बन चुका है।
तमाम शटलर यहां से खेलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई सफलताएं हासिल कर रहे है। इस अवसर पर उन्होंने सहारा इंडिया परिवार से खिलाड़ियों को मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया।