पुष्पक एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें निरस्त, रिफंड लेने वाले यात्री उमड़े, स्टेशन पर हंगामा
मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार को मुंबई से चलकर लखनऊ आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया।
इसी कारण बुधवार को रेलवे ने लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को भी निरस्त कर दिया।
इससे मुंबई जाने वाले कई हजार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इन ट्रेनों के यात्री किराया रिफंड लेने के लिए उमड़े पड़े, जिसके कारण स्टेशन पर देर रात तक हंगामा हुआ।
ट्रेन नंबर 12533 पुष्पक एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से शाम 7:45 बजे मुंबई के लिए रवाना होती है।
जब यात्रियों को इस ट्रेन के निरस्त होने की जानकारी मिली तो टिकट को निरस्त कराकर किराया वापस लेने के लिए काउंटर पर उमड़े।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रिफंड के काउंटर भी बढ़ाए और आरपीएफ एवं जीआरपी जवानों ने मौके पर पहुंच करके कतारबद्ध खड़ा कर किराया वापस की प्रक्रिया शुरू कराई। यात्रियाें की कतार मेट्रो स्टेशन के पास तक पहुंच गई थी।
कल गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस निरस्त
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 11081 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस का संचलन निरस्त कर दिया गया है। जिसके कारण नौ अगस्त को गोरखपुर से प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 11082 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस का संचालन निरस्त रहेगा । इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस-फैजाबाद के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 11067 का बुधवार को संचालन निरस्त रहा।