लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 15 और लखनऊ विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 16 जुलाई से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के मद्देनजर छात्रावास खोल दिए गए हैं और विद्यार्थियों का कैंपस में आना शुरू हो गया है। हालांकि परीक्षा सिर्फ फाइनल ईयर के विद्यार्थियों की होगी। इसलिए सिर्फ उन्हीं को छात्रावास एलॉट किया जाएगा।
पुनर्वास विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को सोमवार से छात्रावास एलॉट किया गया। यहां पहले दिन ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे। सोमवार को 151 छात्रों व 72 छात्राओं को छात्रावास एलॉट किया गया। अप्रैल में कोरोना संक्रमण के बढ़ने के साथ ही विद्यार्थी छात्रावास छोड़कर अपने घर चले गए थे। तब से ऑनलाइन ही क्लास चल रही है। लगभग तीन महीने बाद फिर से विद्यार्थी परिसर पहुंचे हैं। लविवि में अभी बीटेक के ही विद्यार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हुआ है। इनकी परीक्षाएं सबसे पहले 16 जुलाई से शुरू हो रही हैं। अन्य कोर्सों के विद्यार्थी 20 जुलाई से आएंगे।
शिक्षक आज से आएं विश्वविद्यालय
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमित कुमार राय ने 15 जुलाई से शुरू हो रही परीक्षाओं के मद्देनजर विवि के शिक्षकों, डिमांस्ट्रेटर, लैब अटेंडेंट, इंस्ट्रक्टर, साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर आदि को 13 जुलाई से नियमित विश्वविद्यालय आने को कहा है। उन्होंने सूचित किया है कि परीक्षा अवधि में किसी भी प्रकार का अवकाश अनुमन्य नहीं होगा। विशेष परिस्थिति में कुलपति की अनुमति से अवकाश स्वीकृत होगा।