लखनऊ। सीओपीडी के मरीजों को दवाओं और इन्हेलर के साथ नियमित व्यायाम, सही खानपान और काउंसिलिंग से भी राहत मिल सकती है। पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन से फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है।
केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में विश्व सीओपीडी दिवस पर आयोजित शिविर में विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने बताया कि दुनिया के कुल सीओपीडी मरीजों में करीब 14 प्रतिशत भारत में हैं। धूम्रपान के अलावा चूल्हे का धुआं, वायु प्रदूषण और फेफड़ों का संक्रमण भी इसके प्रमुख कारण हैं। 30 वर्ष की उम्र के बाद सुबह खांसी और बलगम इसके शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। बीमारी बढ़ने पर सांस फूलने लगती है और हृदय व गुर्दे भी प्रभावित हो सकते हैं। गंभीर स्थिति को लंग अटैक कहते हैं। डॉ. सूर्यकांत ने धूम्रपान और धुएं से बचने, एलपीजी पर खाना बनाने, प्रदूषण में मास्क लगाने और जरूरी टीकाकरण कराने की सलाह दी।