निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये हड़पकर भागी विश्वास ट्रेडिंग कंपनी के निदेशकों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार शाम को विभूतिखंड थाने में निवेशकों ने प्रदर्शन किया। पीड़ित पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। साथ ही कुछ और पीड़ित केस दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराकर वापस भेजा।
गोमतीनगर निवासी अंकित के मुताबिक, विश्वजीत विश्वास ने विभूतिखंड में विश्वास ट्रेडिंग कंपनी का कार्यालय खोला था। निदेशकों ने एक लाख रुपये लगाने पर 16 प्रतिशत और पांच लाख रुपये पर 20 प्रतिशत का मुनाफा देने की बात कही। आरोपियों ने लखनऊ के साथ ही बाराबंकी व अन्य जिलों में एजेंटों के जरिए निवेशकों से करोड़ों रुपये जमा कराए थे। अंकित के मुताबिक, स्कीम का समय पूरा होने के दौरान ही विश्वजीत और उसके साथी कार्यालय बंद कर भाग गए।
एसीपी विभूतिखंड स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, निवेशकों से तहरीर देने को कहा है जिसके आधार पर केस दर्ज किया जा सके। विश्वास ट्रेडिंग की तरह शहर में कई अन्य कंपनियों ने भी निवेशकों से धोखाधड़ी की है। ऐसे मामलों की जांच के लिए पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने जेसीपी कानून एवं व्यवस्था नवीन अरोरा के निर्देशन में एक टीम गठित की है जो 50 लाख से ऊपर के मामलों की विवेचना पर नजर रखेगी।