लखनऊ। बीमा के 50 लाख रुपये पाने के लिए महिला की हत्या करने के आरोपी की चिनहट पुलिस ने शनिवार को 98 लाख 44 हजार 625 रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी। कार्रवाई का आदेश न्यायालय जेसीपी क्राइम ने बीते 21 नवंबर को जारी किया था।
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक चिनहट के कंचनपुर मटियारी निवासी कुलदीप सिंह की संपत्ति कुर्क की गई है। आरोपी मूलरूप से बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला का रहने वाला है। इस पर हत्या और ठगी के चार मामले अयोध्या, बाराबंकी और लखनऊ के थाने में दर्ज हैं। इस पर चिनहट थाने से गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। वर्ष 2021 में बाराबंकी के फतेहपुर निवासी राममिलन ने बेटे अभिषेक के साथ मिलकर साजिश रची थी। इसके तहत अभिषेक ने अयोध्या निवासी पूजा से शादी की थी। फिर उसने और उसके पिता ने पूजा के नाम पर छह कार फाइनेंस कराई थीं। साथ ही उन्हीं के नाम पर 10 लाख का मुद्रा लोन और 50 लाख का इंश्योरेंस कराया था। इसके बाद वर्ष 2023 में आरोपी पिता-पुत्र ने कुलदीप सिंह, इंदिरानगर सेक्टर-12 के दीपक वर्मा, हसनगंज निवासी आलोक निगम और प्रतापगढ़ के पट्टी निवासी अभिषेक शुक्ला के साथ मिलकर पूजा की कार से कुचलवाकर हत्या करा दी थी। पूरे मामले का मास्टरमाइंड कुलदीप था। पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।