लखनऊ। विकासनगर पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर की 3.62 करोड़ रुपये की संपत्ति बृहस्पतिवार को कुर्क कर ली। तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद पप्पू की हत्या की साजिश के मामले में पूर्व सांसद अपनी बेटी व दामाद के साथ जेल में बंद हैं। इस कार्रवाई के लिए बलरामपुर की जिलाधिकारी श्रुति ने लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस व जिला प्रशासन को पत्र भेजा था। इससेपहले पूर्व सांसद की बलरामपुर की कोठी व बैंक खातों समेत 3.26 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई थी। अब तक उनकी कुल 6.88 करोड़ की संपत्ति कार्रवाई की जद में आ चुकी है।
विकासनगर थानाक्षेत्र में स्थित पूर्व सांसद रिजवान जहीर की संपत्ति को कुर्क करने के लिए बलरामपुर के गैसड़ी थाने के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह चौहान राजधानी पहुंचे। उनके साथ एसीपी महानगर जया शांडिल्य और प्रभारी निरीक्षक विकासनगर तेजबहादुर सिंह भी अपनी टीम के साथ पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह के मुताबिक, विकासनगर में रहने वाले पूर्व सांसद रिजवान जहीर की करीब 3.62 करोड़ रुपये की संपत्ति को पुलिस ने कुर्क किया है। इसमें कुर्सी रोड स्थित ट्यूलिप टावर को कुर्क किया गया जिसकी कीमत करीब 1.89 करोड़ रुपये है। साथ ही विकासनगर के सेक्टर-4 स्थित रिजवान जहीर के मकान को भी कुर्क किया गया। इसकी कीमत लगभग 1.73 करोड़ रुपये है। संपत्ति कुर्क करने के बाद इस पर रिसीवर भी नियुक्त कर दिया गया है। अब तक पुलिस व प्रशासन ने पूर्व सांसद की बलरामपुर और लखनऊ में कुल 6.88 करोड़ की संपत्ति को कुर्क किया है।
प्रदेश के टॉप-10 गैंगस्टर में शामिल हैं रिजवान जहीर
प्रभारी निरीक्षक विकासनगर तेज बहादुर सिंह के मुताबिक, पूर्व सांसद रिजवान जहीर पर तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद पप्पू की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। वह करीब तीन महीने से बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज के साथ जेल में बंद हैं। जिला प्रशासन ने रिजवान जहीर के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। वह यूपी के टॉप-10 गैंगस्टर में शामिल हैं। इसी के तहत बीते दिनों जिला प्रशासन ने तुलसीपुर तहसील के शीतलापुर गांव स्थित रिजवान जहीर की कोठी तथा तीन बैैंक खातों समेत कुल 3.26 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। बलरामपुर की डीएम श्रुति ने लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश व पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर को पत्र लिखकर रिजवान जहीर की लखनऊ की संपत्तियां भी कुर्क करने का अनुरोध किया था।