हमले में प्राॅपर्टी डीलर का सिर फटा, मरा समझकर भागे हमलावर
लखनऊ। दुबग्गा इलाके में सब्जी खरीदने गए प्रॉपर्टी डीलर राजेश गौतम को दबंगों ने रास्ते में रोक कर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उनका सिर फट गया। आरोपी उनको मरा समझकर भाग गए। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवा कर मारपीट की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
बेगरिया के मोहन विहार कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर राजेश गौतम बीते बुधवार को दुबग्गा बाजार सब्जी खरीदने गए थे। घात लगाए बैठे नंदलाल, रजनीश, हरिओम और दो अज्ञात युवकों ने उनको रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। विरोध पर रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया। वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। परिजनों ने उनको अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर अभिनव कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर बदलवाने का आरोप गलत है।