लखनऊ। हैवतमऊ-मवैया गांव में प्राॅपर्टी डीलरों ने पांच बीघा जमीन खरीदी और 15 बीघा पर प्लाटिंग कर उसे बेचना शुरू कर दिया। नगर निगम व सरोजनीनगर तहसील की टीम ने करीब 13 बीघा सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा। जमीन की कीमत करीब 30 करोड़ रुपये है।
नगर निगम के नायब तहसीलदार नीरज कटियार ने बताया कि रायबरेली रोड पर हैवतमऊ मवैया गांव में नगर निगम की सरकारी जमीन के पास ही बिल्डरों ने पांच बीघा जमीन खरीदी और सरकारी जमीन पर भी कब्जा कर प्लाटिंग करना शुरू कर दिया। शिकायत के बाद सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में निर्माण तोड़े गए। विरोध करने पहुंचे प्राॅपर्टी डीलरों से कागज मांगे गए, लेकिन वे नहीं दिखा पाए।