परिचित को थप्पड़ मारने के विरोध पर हुई थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
लखनऊ। काकोरी के बेहटा निवासी प्रॉपर्टी डीलर अंकित राजपूत की हत्या के मामले में चार लोगों सुमित कनौजिया, गोलू यादव, टाऊवा यादव और अखिलेश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एफआईआर मृतक के जीजा रामू ने कराई है। बुधवार देर रात पान की दुकान पर सिगरेट को लेकर आरोपियों ने रामू के दोस्त कुनाल को थप्पड़ मार दिया था। झगड़े की सूचना पर पहुंचे अंकित की आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। कुनाल मृतक अंकित का भी परिचित था।
अंकित के बहनोई कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा निवासी रामू साथी कुनाल के साथ बेहटा गांव निवासी मेडी लाल की बेटी की शादी में गए थे। दोनों बेहटा चौराहे के पास अबरार की दुकान पर सिगरेट व पान मसाला लेने लगे। इस बीच वहां पहुंचे कुछ लोगों ने दुकानदार से सिगरेट मांगी। दुकानदार ने उक्त सिगरेट न होने की बात कही। इस पर कुनाल ने सिगरेट खरीदने वाले काकोरी के दुलागंज निवासी अखिलेश यादव से दूसरी सिगरेट लेने की बात कही। इस पर अखिलेश भड़क उठा और कुनाल को थप्पड़ मार दिया। रामू ने इसकी खबर फोन पर साले अंकित को दी। अंकित साथी सूरज व करन के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपी जा चुके थे।
अंकित ने अखिलेश के परिचित दुलागंज निवासी सुमित कनौजिया को फोन किया। कुछ ही देर में सभी नामजद आरोपी वहां पहुंच गए। बहस के दौरान ही नामजद आरोपियों ने अंकित को गोली मार दी और भाग निकले। ट्राॅमा सेंटर में डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया था। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमोंं का गठन किया गया है। छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दोपहर में प्रदर्शन, शाम को पुलिस से हुई नोकझोंक
वारदात से नाराज अंकित के परिजनों ने बृहस्पतिवार दोपहर 12:30 बेहटा चौराहे के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर हंगामा किया। पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस की सख्ती पर परिजन शांत हो गए और अंतिम संस्कार कर दिया।