लखनऊ। बख्शी का तालाब के अचरामऊ गांव में 12 अक्तूबर को इंदिरानगर के रसूलपुर सादात निवासी प्रॉपर्टी डीलर अरविंद कुमार की हत्या उसके साथी अमन धीमान ने पत्थर और हथौड़े से सिर कूंचकर की थी। 50 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। बीकेटी पुलिस ने शनिवार रात किसान पथ से अमन और उसके साथी रवि कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है, जिसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
डीसीपी उत्तरी अमित आनंद ने बताया कि अमन धीमान इंदिरानगर के जरहरा और रवि कुमार गौतम रसूलपुर सादात का निवासी है। अरविंद की पत्नी मंजू देवी ने विंदेश मौर्या, शारिक खान, अजीज और अमन के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई थीं। जांच में अमन और एक बाल अपचारी की भूमिका सामने आई।
शराब पीने के बाद हुआ था विवाद
डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ में अमन ने बताया कि उसे अरविंद को 50 हजार रुपये देने थे। 12 अक्तूबर को अरविंद ने उसे मिलने बुलाया था। वह बाल अपचारी के साथ पहुंचा। तीनों ने शराब पीने के बाद मानस ग्रीन योजना स्थित एक प्लॉट के कार्यालय के पीछे जाकर बातचीत की। वहां अरविंद ने अपने रुपये मांगे तो उसने 10 हजार रुपये लौटाने और बाकी रकम बाद में देने की बात कही। इसी पर विवाद बढ़ गया और उसने पत्थर व हथौड़े से सिर पर वार कर अरविंद की हत्या कर दी।
सूरज की कार से शव ले जाकर गांव के बाहर फेंका
डीसीपी के अनुसार, हत्या के बाद अमन ने बाल अपचारी की मदद से अरविंद का शव सूरज रावत की कार में रखा और गांव के बाहर फेंक दिया। अमन ने अरविंद का मोबाइल अपने पास रख लिया, जबकि सूरज को कार छिपाने के लिए दी गई थी। पुलिस सूरज की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। डीसीपी ने बताया कि विंदेश मौर्या, शारिक खान और अजीज के खिलाफ जांच में साक्ष्य नहीं मिले हैं। ऐसे में उनके नाम प्राथमिकी से हटाने की कार्रवाई की जाएगी।