तेलीबाग। थानाक्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार कर सैनिक परिवार से ठगी के आरोपी सर्वेश कुमार पाण्डेय (36) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और उसके खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर सेना में तैनात विजय कुमार सिंह की पत्नी गायत्री देवी को प्लॉट दिलाने का झांसा दिया और जाली दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये हड़प लिए। मामले में नौ जनवरी को पीजीआई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यूनियन बैंक के पास दबिश देकर आशियाना के रतन खंड निवासी सर्वेश पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो पैन कार्ड, तीन डेबिट कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है। कोतवाल धीरेंद्र कुमार के अनुसार इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।