लखनऊ। गुडंबा में मंगलवार को बढ़ई ने तीन साथियों के साथ आधार खेड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर हरिओम पांडेय (50) का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने बंधक बनाकर पीटा और परिजनों से 15 लाख की फिरौती मांगी। हालांकि, अगले दिन हरिओम आरोपियों के चंगुल से छूट कर भाग निकले। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है।
हरिओम पांडेय के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें परिचित बढ़ई सुरेंद्र शर्मा ने कॉल कर कुर्सी रोड पर बुलाया था। उनके पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद सुरेंद्र के तीन अन्य साथियों ने जबरन कार में बैठा लिया। आरोपी उन्हें सैरपुर स्थित एक मकान में ले गए। यहां मोबाइल छीन लिया और घरवालों से 15 लाख की फिरौती मांगी।
विरोध करने पर बुरी तरह पीट दिया। हालत बिगड़ने पर आरोपियों ने बीकेटी में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद उन्हें साथ ले गए। आरोपियों ने फिर से उनके परिजनों को फोन कर फिरौती की रकम देने के लिए बुधवार दोपहर बीकेटी तहसील बुलाया।
भीड़ के कारण बची जान
अगले दिन आरोपी ब्रोकर को लेकर तहसील पहुंचे। यहां भीड़ का फायदा उठाकर हरिओम भाग निकले और परिजनों को सूचना दी। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन के रुपये के लेनदेन का विवाद है। मुख्य आरोपी सुरेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।