फ्लैट में संदिग्ध हालात में मृत मिला प्रॉपर्टी ब्रोकर
लखनऊ। कृष्णानगर में रविवार को जाफरखेड़ा स्थित कन्हैया कुंज विहार अपार्टमेंट के फ्लैट में आशियाना सेक्टर-7 निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर रमेश चंद्र यादव (57) संदिग्ध हालात में बेड पर मृत पड़े मिले। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। टीम ने वहां से बरामद चीजों को कब्जे में ले लिया।
इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक रमेश ने परिजनों की जानकारी के बिना कन्हैया कुंज विहार अपार्टमेंट में किराये पर फ्लैट लिया था। काफी समय पहले उन्होंने पत्नी से गार्ड की नौकरी करने की बात कही थी। वह अक्सर ड्यूटी की बात कहकर घर से निकल जाते थे। परिवार में पत्नी सुरेखा व दो बेटे सुमित और अंश हैं।
सुमित के मुताबिक शनिवार रात को पिता ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकले थे। रविवार को जब पिता 12 बजे तक नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू की। पर कुछ पता नहीं चल सका। देर शाम पिता के दोस्त से पता चला कि उन्होंने जाफर खेड़ा में एक फ्लैट किराये पर लिया है।
सुमित रात करीब 9:30 बजे मां सुरेखा के साथ फ्लैट पर पहुंचे। धक्का देने पर दरवाजा खुल गया। बेड पर मृत पड़े रमेश को देखकर सुरेखा की चीख निकल गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक मौके से शक्ति वर्धक दवाएं मिली हैं। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि दवाओं के ओवरडोज के कारण उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
फुटेज में कोई फ्लैट में जाते नहीं दिखा
इंस्पेक्टर ने बताया कि रमेश के फ्लैट के गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। फुटेज में रमेश के अलावा फ्लैट में कोई और जाते नहीं दिखा है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। फिलहाल जांच की जा रही है।