लखनऊ। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च (आईआईटीआर) में रविवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर एक व्याख्यान में केजीएमयू वीसी डॉ. बिपिन पुरी ने कहा कहा कि विज्ञान से ही देश का विकास तय होगा। वहीं हमें पूर्व में बनी हुई यथा स्थिति को चुनौती देनी होगी। कोई घटना क्यों और कैसे हुई, इसका सवाल उठाकर जवाब तलाशना होगा।
डॉ. पुरी ने कहा कि आउट ऑफ द बॉक्स सोच ही स्वउद्यमिता की पहल को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में शुरू की गई विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार नीति (एसटीआईपी) देश के वैज्ञानिक समुदाय के सफल प्रयासों की नींव रखेगी। अपने स्वागत भाषण में आईआईटीआर और आयोजन समिति के अध्यक्ष व मुख्य वैज्ञानिक डॉ. एन मनिकम ने देश में विज्ञान दिवस समारोह की शुरुआत के बारे में जानकारी दी। निदेशक प्रो. एसके बारिक ने कहा कि किसी भी वैज्ञानिक खोज/आविष्कार की क्षमता का अहसास तभी होता है जब यह मानव की जरूरतों को पूरा करने और प्रगति की राह में बाधाओं को कम करने में योगदान देता है।