लखनऊ। टेडएक्स लखनऊ की ओर से मंगलवार को इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें दिग्गज पेशेवरों ने आईईटी के विद्यार्थियों को सफलता के टिप्स दिए। आयोजन में अमर उजाला मीडिया सहयोगी रहा।
चिंगारी से प्रभाव तक थीम पर आयोजित कार्यक्रम में आरजे प्रतीक ने बताया कि लोगों से जुड़ने की क्षमता, निरंतर अभ्यास और सहज हास्य ने रेडियो में उनकी स्थिति मजबूत बनाई। हिंदी रंगमंच के वरिष्ठ अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी ने विज्ञान और रंगमंच में समानांतर यात्रा को साझा करते हुए कहा कि जुनून को समय देने से जीवन में नए अवसर बनते हैं।
डॉ. गीतिका श्रीवास्तव ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित चिकित्सीय निदान पर अपने शोध के माध्यम से बताया कि आधुनिक तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सटीक और प्रभावी बना रही है। वित्तीय पत्रकार मेघना मित्तल ने कहा कि कॅरिअर की शुरुआत भले ही जुनून से होती है, लेकिन दृढ़ता और लगातार सीखने की इच्छा ही हमें बढ़ाती है।
एमएस टॉक्स के चेयरमैन सुप्रीत सिंह अरोड़ा ने युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया। पॉसिबल एजुकेशन की सह-संस्थापक डॉ. सुरभि मोदी सहाई ने आत्मविश्वास और जीवन कौशल के विकास को जरूरी बताया। वरिष्ठ पत्रकार दिनेश पाठक ने कहा डिग्री से अधिक व्यक्ति क्या कर सकता है, यह बहुत मायने रखता है।
अईईटी के निदेशक प्रो. विनीत कंसल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नई सोच, ऊर्जा को जन्म देते हैं। इस मौके पर फाइनल ईयर के छात्र जनरल सेक्रेटरी उज्ज्वल पाठक, हेड कोऑर्डिनेटर अर्पित सिन्हा और आर्यन सिन्हा ने भी विचार रखे।