लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फोरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कमलेश कुमार दुबे को अमेरिका में फुलब्राइट स्कॉलर-इन-रेजिडेंस के रूप में आमंत्रित किया गया है। वह लिविंगस्टोन कॉलेज, सैलिसबरी, नॉर्थ कैरोलिना में 2026-27 के दो अकादमिक सेमेस्टर में छात्रों को फोरेंसिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी जैसे विषय पढ़ाएंगे। उनका कार्यक्रम मई 2027 तक चलेगा।
यूपीएसआईएफएस के संस्थापक निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने कहा कि इससे भारत-अमेरिका के बीच शोध सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। फुलब्राइट अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान का प्रतिष्ठित कार्यक्रम है। डॉ. दुबे के 40 से अधिक शोधपत्र, 10 पेटेंट और चार पुस्तकें प्रकाशित हैं। उनके निर्देशन में छह शोधार्थी पीएचडी पूरी कर चुके हैं।