हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर रविवार को ईद-ए-मिलादुन्नबी (बारावफात) का त्योहार लखनऊ में हर्षोल्लास से मनाया गया। जगह-जगह भव्य व आकर्षक साज सजावट की गई थी। कहीं पवित्र धार्मिक स्थलों के मॉडल सजाए गए थे, तो कहीं आकर्षक गेट बने थे।
बारावफात पर्व का उल्लास रविवार को चहुंओर दिखा। भोर में फजिर की नमाज के बाद से ही शहर में गली मोहल्लों से लेकर अमीनाबाद के झंडे वाला पार्क तक जुलूस-ए-मोहम्मदी के निकलने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा।
इस दौरान सुरक्षा के जबरदस्त प्रबंध किए गए थे। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात थे। हालांकि, जुलूस से शहर में कई जगह जाम लग गया। डायवर्जन प्लान के बावजूद लोगों को मुश्किल हुई लेकिन जुलूस निकलने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।