कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 12460 शिक्षकों की भर्ती में सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि इन युवाओं के प्रति प्रदेश सरकार निर्मम रुख अख्तियार न करे। प्रियंका ने पत्र में लिखा है कि यूपी का युवा बहुत परेशान और हताश है। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने 12460 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात की थी। कई जिलों में कोई जगह खाली नहीं थी। यहां के अभ्यर्थियों ने अन्य जिलों की रिक्तियों के लिए परीक्षा दी। अच्छे अंक से पास हुए, लेकिन 3 साल बाद भी इन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है।
यह युवा मजबूरी में कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं। प्रियंका ने लिखा है, मैं समझ नहीं पा रही हूं कि सरकार ने इनके प्रति एक आक्रामक और निर्मम रुख क्यों बनाया है। जबकि, यही उत्तर प्रदेश का भविष्य बनाने वाली पीढ़ी है। सरकार इनके प्रति जवाबदेह है।
एक तो नौकरी नहीं मिल रही है, ऊपर से उनके ऊपर घर के नमक, तेल और राशन के जुगाड़ का बोझ भी है। इसलिए मानवीय संवेदना को देखते हुए 24 शून्य जिलों के अभ्यर्थियों की तत्काल नियुक्ति कराने का कष्ट करें। उधर, एक ट्वीट में प्रियंका ने कहा है कि 4000 उर्दू शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों से संवाद किया। सारे अभ्यर्थी मेरिट में आते हैं और रोजगार पाने योग्य हैं। मगर सरकार ने इनकी नौकरी की राह में रोड़ा लगा रखा है।
खरबपति दोस्तों को कृषि क्षेत्र में लाना चाहती है सरकार : प्रियंका
एक अन्य ट्वीट में प्रियंका ने कहा है कि किसानों के लिए ये कठिन समय है। सरकार को एमएसपी व किसानों की फसल खरीद के सिस्टम में इस समय उनकी मदद करनी चाहिए थी, लेकिन हुआ उसके ठीक उल्टा। भाजपा सरकार अपने खरबपति दोस्तों को कृषि क्षेत्र में घुसाने के लिए ज्यादा आतुर दिख रही है। वो किसानों की बात तक नहीं सुनना चाहती।