योगी सरकार में पहला औद्योगिक पार्क प्रदेश के मध्यांचल क्षेत्र औरैया में विकसित होगा। 380 एकड़ में फैले इस पार्क में करीब 160 औद्योगिक इकाइयों को जगह मिलेगी। इस प्रोजेक्ट पर 300 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होने का अनुमान है।
प्रदेश सरकार ने औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2017 के अंतर्गत निजी औद्योगिक पार्कों की स्थापना पर कई तरह के प्रोत्साहन व सहूलियतों का प्रावधान किया है। इस नीति के अंतर्गत यूएम पावर की ओर से औरैया में 160.37 एकड़ भूमि में औद्योगिक पार्क की स्थापना का प्रस्ताव दिया गया है।
इस पार्क में खाद्य प्रसंस्करण, धातु आधारित लेदर, रासायनिक, कांच, प्लास्टिक, ऑटो मोबाइल व लॉजिस्टिक्स सेक्टर की इकाइयां स्थापित होंगी। यह परियोजना 5-5 वर्ष के दो चरण में पूरी होगी। पहले चरण का काम वित्तीय वर्ष 2029-30 तक तक पूरी करने की योजना है।
इस प्रोजेक्ट में औद्योगिक पार्क की अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर 254 करोड़ रुपये और वाह्य अवस्थापना सुविधाओं पर 64 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पार्क में आने वाली इकाइयों के कार्मिकों को परिसर में ही आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके लिए हास्टल की स्थापना की जाएगी।