फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में बढ़ा डेंगू का कहर, प्रमुख सचिव नवनीत सहगल सहित 18 भर्ती, मासूम की मौत

Sat, 12 Oct 2019 10:55 AM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Social media
विज्ञापन

राजधानी लखनऊ में डेंगू का डंक तेज हो गया है। इससे जहां फैजुल्लागंज में मासूम की मौत हो गई तो खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल सहित 18 नए मरीज सामने आए हैं।

विज्ञापन


फैजुल्लागंज के केशव नगर निवासी कक्षा तीन की छात्रा सारिका सीतापुर रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती थी। जांच में डेंगू निकला, जिसका चार दिन से इलाज चल रहा था। शुक्रवार शाम छात्रा की मौत हो गई। फैजुल्लागंज में दो दिन पहले भी डेंगू से एक महिला की मौत की बात सामने आई थी।

हालांकि , स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी का कहना है कि जांच में महिला के परिवारीजनों ने डेंगू होने के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं दिखाए। वहीं, शुक्रवार को जिस बच्ची की डेंगू से मौत की बात कही जा रही है, उसका अभी तक कार्ड टेस्ट नहीं हुआ था। परिवारीजनों ने बातचीत से इनकार कर दिया है।
विज्ञापन


सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल का कहना है कि मौत डेंगू से हुई या नहीं, इसकी जांच चल रही है। पहले वाले मरीज में अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

शताब्दी अस्पताल में भर्ती प्रमुख सचिव

डेंगू की चपेट में आए खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल को केजीएमयू में बृहस्पतिवार देर शाम भर्ती कराया गया। उन्हें शताब्दी अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में रखा गया है। सीएमएस प्रो. एसएन शंखवार ने बताया कि प्रमुख सचिव को डेंगू की पुष्टि हुई है। उनकी प्लेटलेट्स 10 हजार आ गई थीं। उन्हें सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) दी गई है। अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं।

लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीज
राजधानी में अब तक डेंगू के 435 मरीज मिल चुके हैं। इसमें शुक्रवार को 18 नए मरीज सामने आए। ये आशियाना, विकास नगर, चौक, खाला बाजार, उतरेटिया, इंदिरा नगर, जानकीपुरम, इलाके के निवासी हैं। संबंधित मरीजों के यहां पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई करवाकर दवा का छिड़काव कराया। परिवार के अन्य लोगों के भी सैंपल लिए गए हैं।
विज्ञापन

33 घरों में मिले लार्वा

शुक्रवार को 33 जगहों पर डेंगू के लार्वा पाए गए। इनमें छह स्कूल हैं। सभी को नोटिस जारी किया गया है। चेतावनी दी गई है कि दोबारा डेंगू के लार्वा मिले तो जुर्माना लगाया जाएगा।

सीएमओ ने फैजुल्लागंज का लिया जायजा
डेंगू व बुखार का प्रकोप बढ़ने पर सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने फैजुल्लागंज का निरीक्षण किया। टीम ने बुखार पीड़ितों को दवाएं दी। केशवनगर, इंदिरानगर, रुचि खंड, बालागंज, तकरोही में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें