- स्कूल जाते वक्त आठवीं की छात्रा से छेड़छाड़, विरोध पर दी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
मलिहाबाद। स्कूल जा रही आठवीं की छात्रा से बाइक सवार शोहदे ने छेड़छाड़ की और मोबाइल नंबर देते हुए बात करने का दबाव बनाया। डरी सहमी छात्रा भाग कर स्कूल पहुंची और प्रिंसिपल के सामने फूट-फूट कर रोते हुए आपबीती बताई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो केस दर्ज किया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है।
मलिहाबाद के एक गांव में रहने वाले आठवीं की छात्रा बृहस्पतिवार सुबह घर से स्कूल के लिए निकली। रास्ते में मुंशीगंज निवासी नरेंद्र यादव बाइक से पहुंचा और छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा ने नजरअंदाज किया तो आरोपी उसका पीछा करने लगा। कुछ दूरी पर बाइक लगाकर छात्रा को रोक लिया। उसको अपना मोबाइल नंबर देते हुए बात करने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध पर आरोपी ने उसको धमकी दी।
भागकर स्कूल पहुंची और बताई आपबीती
बीच सड़क पर छेड़छाड़ से छात्रा काफी डर व सहम गई। किसी तरह वह वहां से भागकर स्कूल पहुंची और प्रिंसिपल के सामने रोते हुए पूरी बात बताई। प्रिंसिपल ने परिजनों को बुलाया। इसके बाद परिजन छात्रा को थाने ले गए और केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। छात्रा का आरोप है कि नरेंद्र यादव काफी समय से परेशान कर रहा था। लोकलाज और पढ़ाई बंद होने के डर से वह चुप थी।