हसनगंज के खदरा चुंगी स्थित इरम किड्स एकेडमी में नर्सरी की दो मासूम छात्राओं ने बृहस्पतिवार सुबह प्रिंसिपल आलम पर छेड़छाड़ का आरोप लगा सनसनी मचा दी। छात्राओं का कहना था कि प्रिंसिपल ने उन्हें कमरे में बुला कपड़े उतरवाने की कोशिश की।
घबराई छात्राएं रोने-चीखने लगीं तो प्रिंसिपल ने उन्हेंधमकाया। किसी तरह मौका पाकर छात्राएं स्कूल से भागकर घर पहुंची और परिवारीजनों को आपबीती सुनाई। परिवारीजन इलाकाई लोगों के साथ स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
स्कूल प्रशासन ने परिवारीजनों को धक्का देकर बाहर निकाल दिया जबकि आरोपी प्रिंसिपल मौके से भाग निकला। उसके खिलाफ हसनगंज कोतवाली में छेड़छाड़ और पाेक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
स्कूल से भागकर घर पहुंची छात्राएं
पीड़ित छात्राएं एक ही घर की हैं और उनके पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। दो दिन पहले ही दोनों ने स्कूल में एडमिशन लिया था। छात्राओं ने बताया कि स्कूल में करीब नौ बजे प्रिंसिपल आलम ने दोनों बच्चियों को अपने कमरे में बुलाया और उनके कपड़े उतरवाने की कोशिश की।
चीखते हुए दोनों बच्चियां स्कूल से भागकर घर पहुंची।बच्चियों ने पूरा घटनाक्रम बताया तो परिवारीजन गुस्से से आगबबूला हो गए। आसपास के लोगों को एकत्र कर परिवारीजन स्कूल पहुंचे लेकिन उन्हें प्रिंसिपल से मिलने नहीं दिया गया।
किसी ने मॉडर्न पुलिस कंट्रोलरूम को फोन कर दिया।हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्कूल प्रशासन ने परिवारीजनों व अन्य लोगों को धक्के मारकर भगा दिया। पुलिस के पहुंचने पर परिवारीजन फिर स्कूल पहुंचे तो पता चला प्रिंसिपल भाग निकला था। छात्राओं के परिवारीजनों ने प्रिंसिपल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
घिनौना काम करने की मिलेगी सजा
इरम एजूकेशन सोसायटी के निदेशक फैजी युनूस ने कहते हैं कि बच्चियों से छेड़छाड़ की घटना निंदनीय है। इरम किड्स एकेडमी का सोसायटी से कोई लेना-देना नहीं है। इरम सोसायटी के सभी संस्थान में सीसीटीवी कैमरे लगें हैं। ऐसा घिनौना काम करने वाले को सजा जरूर मिलनी चाहिए।
प्रिसिंपल के भाई असलम जावेद ने भाई को छेड़छाड़ में फंसाने का आरोप लगाया गया है। असलम ने कहा कि महफूज और उनके भाई के बीच प्रापर्टी का विवाद चल रहा है। रविवार को दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था।
महफूज छेड़छाड़ का आरोप लगानी वाली छात्राओं के परिवार का करीबी है। उसने ही साजिश रचकर सोमवार को बच्चियों का एडमिशन कराया और छेड़छाड़ के आरोप में फंसा दिया।