कोरोना से जंग हो, प्रवासी श्रमिकों के रोजगार का इंतजाम या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को धरातल पर उतारने की मुहिम, हर मोर्चे पर योगी सरकार खरी साबित हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मेहनत और कार्यशैली के प्रधानमंत्री भी कायल हो गए हैं।
कई मौकों पर भरे मंच से उन्होंने न सिर्फ सीएम योगी की तारीफ की, बल्कि दूसरे राज्यों के लिए उनकी कार्यशैली को एक मिसाल भी बताया। सीएम योगी न सिर्फ पीएम मोदी की उम्मीदों पर खरे उतरे, बल्कि तय समय में लक्ष्यों को पूरा कर भारत को दुनिया की महाशक्ति बनाने के पीएम के मिशन को मजबूती भी दी।
कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए योगी सरकार व उनकी टीम-11 ने जो कदम उठाए हैं, उसकी तारीफ सुप्रीम कोर्ट के साथ डब्लूएचओ ने भी की है। पीएम ने कोरोना संक्रमण के शुरुआती दौर से ही इसे रोकने के लिए योगी सरकार के प्रयासों की तारीफ की थी।
संक्रमण काल में पिता के स्वर्गवास के बाद भी योगी जिस तरह से प्रदेश की जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई, पीएम मोदी ने उसकी भी काफी सराहना की थी। डब्ल्यूएचओ की ताजा रिपोर्ट में तो कहा गया है कि कोविड-19 बचाव के लिए यूपी सरकार की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की रणनीति दूसरे प्रदेशों के लिए अच्छा उदाहरण बन सकती है।