गोसाईंगंज। अमेठी कस्बे के रामबाग धाम स्थित बाबा खुशहाल दास मंदिर के पुजारी रूपचंद यादव (65) की करंट लगने से मौत हो गई।
इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह के अनुसार, रूपचंद सीफत नगर के रहने वाले थे। मंदिर उनके घर से करीब दो किलोमीटर दूर है और वह वहीं रहकर पूजा-पाठ करते थे। उनके बेटे श्यामू ने बताया कि मंगलवार सुबह स्नान करने के बाद पिता फर्राटा पंखे का तार लगा रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और पंखे के ऊपर गिर पड़े। उन्होंने किसी तरह बिजली का तार हटाकर पिता को पंखे से अलग किया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुजारी के परिवार में पत्नी जनाका देवी और पांच बेटे हैं।