प्रदेश की मंडियों में स्थानीय नए आलू की आवक शुरू हो गई है। 18 नवंबर से अब तक करीब ढाई हजार क्विंटल स्थानीय नया आलू बाजार में आ चुका है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक सप्ताह में आलू के दाम नीचे आ जाएंगे।
वहीं, उद्यान विभाग ने भी अपने कोल्ड स्टोरेज पुराने आलू से शत-प्रतिशत खाली हो जाने का दावा किया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आलू का थोक भाव 30-32 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच चल रहा है। जबकि फुटकर रेट 40-50 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है।
उद्यान विभाग का कहना है कि प्रदेश का उत्पादित नया आलू ठीक-ठाक मात्रा में दिसंबर में आ जाएगा। अभी प्रदेश में ज्यादातर नया आलू पंजाब, हरियाणा व गुजरात से आ रहा है। ऐसे में परिवहन व्यय के कारण यहां काफी महंगा बिक रहा है। नतीजतन, पुराने आलू के रेट भी नहीं गिरा है।