लखनऊ। केसरीखेड़ा फ्लाईओवर की प्रमुख अड़चन दूर होने के बाद इसके बचे तीन पिलर को बनाने का काम शुरू करने की तैयारी चल रही है। यह पिलर 13, 14 एवं 15 नंबर के हैं। इनके सहारे फ्लाईओवर आपस में कनेक्ट हो सकेंगे। सोमवार को सेतु निगम की खोदाई करने वाली मशीन पहुंच गई और निर्माण सामग्री भी ढेर होने लगी है।
सेतु निगम अफसरों ने बताया कि कृष्णानगर की ओर से फ्लाईओवर की सड़क दुरुस्त करने का काम शुरू हो चुका है। पिलर पॉइंट पर लेआउट के मुताबिक चिह्नीकरण बाकी है। इसी हफ्ते पिलर के लिए खोदाई शुरू हो जाएगी। फ्लाईओवर के दोनों तरफ के हिस्सों को जोड़ने का काम भी रेलवे की निगरानी में ही होगा। निर्माण शुरू करने के लिए सरिया, कंक्रीट आदि का भंडारण होने लगा है। उधर, फ्लाईओवर के एंट्री पॉइंट पर अवरोध नहीं बनाया गया है, जिस कारण दोपहिया वाहन सवार पुल पर जाने भी लगे हैं, जिससे हादसा होने का अंदेशा हो गया है।
केसरीखेड़ा फ्लाईओवर।