चारबाग स्टेशन पर प्रीपेड बूथ का रंगरोगन किया गया है।
लखनऊ। चारबाग स्टेशन पर प्रीपेड बूथ बहाल करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बृहस्पतिवार को इसका रंगरोगन किया गया है।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रीपेड बूथ की सुविधा दी थी। जीआरपी की मदद से इसका संचालन हो रहा था। प्रीपेड की सुविधा के एवज में पांच रुपये की पर्ची कट रही थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से व्यवस्था बंद कर दी गई।
सूत्र बताते हैं कि जीआरपी व उत्तर रेलवे प्रशासन के बीच प्रीपेड सुविधा को लेकर विचार विमर्श चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस महीने यह सहूलियत यात्रियों को मिलनी शुरू हो जाएगी।
स्टेशन पर पार्किंग की जगह रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण को हैंडओवर की गई है। यहां कॉन्कोर्स का निर्माण करेगा। ऐसे में स्टेशन पर पार्किंग का संकट पैदा हो गया है।
कैबवे जर्जर
जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर जाने वाला कैबवे जर्जर हो गया है। दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने बताया कि 60 रुपये कैबवे का चार्ज लिया जाता है, लेकिन यात्रियों को जर्जर कैबवे से गुजरना पड़ता है।