लखनऊ। यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ जंक्शन से आनंदविहार के बीच चलने वाली डबलडेकर एक्सप्रेस के स्टॉपेज बढ़ाने की तैयारी है। ट्रेन को हरदोई मे ठहराव दिया जाएगा। इसके लिए समयसारिणी व फीजिबिलिटी पर काम किया जा रहा है।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन से आनंदविहार के बीच गाड़ी संख्या 12583/84 डबलडेकर एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है। वीआईपी ट्रेनों में शुमार होने के बावजूद इस ट्रेन को आम दिनों में यात्री नसीब नहीं हो रहे। दीपावली बाद जहां दिल्ली की लगभग सभी ट्रेनों में वेटिंग है, वहीं डबलडेकर एक्सप्रेस की चेयरकार में सीटें अभी खाली हैं। यात्री लंबे समय से ट्रेन के स्टॉपेज बढ़ाने की मांग कर रहे थे। दैनिक यात्री एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएस उप्पल ने बताया कि ट्रेन का स्टॉपेज हरदोई व शाहजहांपुर में बढ़ाने के लिए रेलमंत्री को पत्र भेजे गए हैं। जल्द स्वीकृति की उम्मीद है। रेलवे सूत्र बताते हैं कि ट्रेन का स्टॉपेज हरदोई में बढ़ने से यात्रियों को खासी राहत हो जाएगी। अभी ट्रेन लखनऊ जंक्शन से सुबह 4ः55 बजे चलकर बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए दोपहर 12ः55 बजे आनंदविहार पहुंचती है। हरदोई व शाहजहांपुर में ट्रेन के स्टॉपेज बढ़ जाने से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, साथ ही रेलवे के राजस्व में भी वृद्घि होगी।
रूट बदलने की भी थी तैयारी
डबलडेकर एक्सप्रेस को यात्रियों की पसंदीदा ट्रेन बनाने के लिए लखनऊ जंक्शन से सीतापुर, लखीमपुर, पीलीभीत के रास्ते दिल्ली तक चलाने की भी योजना बनाई गई। ट्रेन की समयसारिणी फाइनल भी हो गई, लेकिन रूट बदला नहीं जा सका। ऐसा होने पर यात्रियों को राहत मिलती और ट्रेन बदहाली का शिकार होने से बच जाती।